सावन के पावन महीने में शिवभक्तों की बड़ी संख्या में होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। 11 अगस्त को सावन शिवरात्रि का पर्व है, ऐसे में पुलिस अधिकारी पूरी तैयारी के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने में जुट गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने किया मार्गों का मुआयना
हाल ही में जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया और सभी थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यात्रा मार्गों पर उगी झाड़ियों को हटवाने के निर्देश दिए हैं, ताकि कांवड़ियों को किसी भी तरह की असुविधा न हो। वहीं, बिजली के खंभों पर पन्नी लपेटने का काम भी शुरू कर दिया गया है, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
सीसीटीवी से होगी पूरी निगरानी
यात्रा के दौरान कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए पूरे मार्ग पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी रखी जाएगी। प्रशासन इस बात पर विशेष ध्यान दे रहा है कि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके और शिवभक्त निर्विघ्न अपनी यात्रा पूरी कर सकें।
28 जुलाई से लागू होगा यातायात डायवर्जन प्लान
कांवड़ियों के सुरक्षित आवागमन को ध्यान में रखते हुए यातायात डायवर्जन प्लान 28 जुलाई से लागू कर दिया जाएगा। फिलहाल प्रशासन इस योजना पर विस्तार से मंथन कर रहा है। प्रारंभिक तौर पर तैयार किए गए प्लान के अनुसार 6 अगस्त से कांवड़ मार्गों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
यातायात प्रभारी रवि नैन ने बताया कि मार्गों की स्थिति, श्रद्धालुओं की संभावित संख्या और स्थानीय यातायात को ध्यान में रखते हुए अंतिम डायवर्जन प्लान जल्द ही जारी किया जाएगा। वैकल्पिक मार्गों को लेकर भी विचार-विमर्श चल रहा है, जिससे आम जनता को परेशानी न हो।
किन सड़कों पर रहेगा वाहनों पर प्रतिबंध?
प्रशासन ने उन मार्गों को चिह्नित किया है, जहां कांवड़ियों का सबसे अधिक आवागमन रहता है। इन सड़कों पर आम वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी:
- बिजनौर से मंडावली वाया मंडावर मार्ग
- बिजनौर से चांदपुर मार्ग
- कोतवाली देहात से नूरपुर मार्ग
- वालिया तिराहे से नजीबाबाद तक
- नजीबाबाद से नगीना वाया बुंदकी
- नहटौर से चांदपुर वाया पैजनिया मार्ग
बता दें कि सावन के महीने में हरिद्वार से गंगाजल लाने वाले शिवभक्तों की भारी भीड़ जनपद की सड़कों पर उमड़ती है। प्रशासन ने इस बार भी सुरक्षा और सुविधा के दृष्टिगत सभी आवश्यक इंतजाम कर लिए हैं, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न हो सके।
Comments